मतदान के लिए पूरी तरह तैयार निर्वाचन आयोग, बूथों पर पोलिंग पार्टियां पहुंचनी शुरू - PATRKAR BABU
October 16, 2026

मतदान के लिए पूरी तरह तैयार निर्वाचन आयोग, बूथों पर पोलिंग पार्टियां पहुंचनी शुरू

0
IMG-20240402-WA0006

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार जोगदंडे ने सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में प्रेस ब्रीफिंग करते हुए कहा कि राज्य में सभी पोलिंग पार्टियां अपने बूथों के लिए रवाना हो चुकी हैं। अभी तक 09 हजार 500 पोलिंग पार्टियां मतदेय स्थल तक पहुंच चुकी हैं, आज शाम तक सभी पोलिंग पार्टियां मतदेय स्थल तक पहुंच जायेंगी। राज्य में 19 अप्रैल 2024 को प्रातः 07ः00 बजे से सायं 05ः00 बजे तक मतदान होना है। मतदान प्रारंभ होने से पहले सभी पोलिंग पार्टियों द्वारा मॉक पोल की कार्यवाही की जायेगी। सभी पोलिंग पार्टियां मतदान प्रारंभ करने की सूचना उपलब्ध करायेंगी। उसके बाद हर दो घंटे में मतदान की सूचनाएं दी जायेंगी।

 

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि आज परिवहन विभाग के साथ बैठक की गई। परिवहन विभाग यातायात की व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित करता रहेगा। किसी भी आम नागरिक के लिए यातायात में कोई असुविधा न हो, इसके लिए व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जायेंगी। विवाह कार्यों में लगे वाहनों पर भी कोई प्रतिबंध नहीं होगा। सभी राजकीय चिकित्सालय, जिला चिकित्सालय, प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों को 24 घण्टे संचालित करने के निर्देश दिये गये हैं। आवश्यक सेवाओं से जुड़े विभागों पेयजल, विद्युत, आपदा प्रबंधन और लोक निर्माण विभाग भी सभी व्यवस्थाएं 24 घण्टे संचालित करते रहेंगे, ताकि मतदाताओं और पोलिंग पार्टियों को किसी भी प्रकार से असुविधा न हो।

 

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि राज्य में 1365 क्रिटिकल पोलिंग बूथ और 809 वलनरेबल पोलिंग बूथ चिन्हित किये गये हैं। इन पोलिंग स्टेशन पर पर्याप्त फोर्स की व्यवस्था रहेगी। मतदान से 48 घण्टे पूर्व सभी फ्लाइंग स्क्वायड और स्टेटिक्स सर्विलांस टीम द्वारा सघन चैकिंग की जाती है। इसके दृष्टिगत राज्य में 293 फ्लाइंग स्क्वायड और 252 स्टेटिक्स सर्विलांस टीम अलर्ट मोड पर रहेंगे। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि आचार संहिता प्रभावी होने के बाद से अभी तक 16 करोड़ 41 लाख मूल्य की जब्ती की गई है। पुलिस विभाग द्वारा सबसे अधिक 08 करोड़ 94 लाख मूल्य की, आयकर विभाग द्वारा 06 करोड़ 14 लाख मूल्य की, आबकारी विभाग द्वारा 91 लाख मूल्य की जब्ती की गई है। 05 करोड़ 90 लाख की जब्ती कैश के रूप में, शराब के रूप में 03 करोड़ 06 लाख मूल्य की जब्ती, नारकोटिक्स संबंधित मामलों में 04 करोड़ 03 लाख मूल्य की जब्ती हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *